
जिला मुख्यालय की दौड़ होगी कम, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से डिजिटल होंगे मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड
बलरामपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पल्हनी में रविवार को स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) का शुभारंभ किया। बीपीएचयू में अत्याधुनिक मशीनों के जरिए 73 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
स्थानीय स्तर पर होगी जांच, मरीजों को मिलेगी राहत
बीपीएचयू शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए जिला मुख्यालय या बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने से मरीजों का समय और परेशानी दोनों बचेंगे। यूनिट के जरिए क्षेत्र की स्वास्थ्य जरूरतों से जुड़े आंकड़े जुटाकर उनका विश्लेषण भी किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर योजना तैयार करने और मरीजों के उपचार की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।
डिजिटल मिशन से व्यवस्थित होंगे स्वास्थ्य रिकॉर्ड
कार्यक्रम में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का भी शुभारंभ हुआ। इसके तहत स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने और मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाने पर जोर दिया जाएगा।
सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। बीपीएचयू की सभी सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
सेवानिवृत्त एएनएम को सम्मान के साथ विदाई
कार्यक्रम के दौरान सीएचसी पल्हनी में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुईं एएनएम कृष्ण मिश्रा, मंगरी देवी और कंचन राय को सम्मानित कर विदाई दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इस दौरान एसीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, डॉ. अजीज, डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहनलाल, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय जायसवाल समेत स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।