जीयनपुर में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक अन्य घायल

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

सीओ आवास से करीब 100 मीटर आगे हुआ हादसा, साथी गंभीर घायल, बस पुलिस के कब्जे में
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


सीओ आवास के पास हुआ हादसा
समुंदरपुर गांव निवासी अदीद (19) पुत्र सलीम और आदिल (18) पुत्र जैश बाइक से गैस एजेंसी की ओर जा रहे थे। दोनों सगड़ी तहसील स्थित सीओ आवास से करीब 100 मीटर आगे पहुंचे थे। इसी दौरान दोहरीघाट से आजमगढ़ की ओर जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।


मौके पर मौत, साथी अस्पताल में भर्ती
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अदीद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आदिल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।


बस कब्जे में, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया है। परिवहन निगम की जेएसआई चंद्रकला शुक्ला भी मौके पर पहुंचीं और हादसे की जानकारी ली।
अदीद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *