
कलेक्ट्रेट सभागार में होगा आयोजन, पशु स्वास्थ्य, चारा प्रबंधन और सरकारी योजनाओं पर विशेषज्ञ देंगे विस्तृत जानकारी
आजमगढ़। जनपद के दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों एवं किसानों को डेयरी व्यवसाय से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से 05 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, आजमगढ़ में जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी, नन्द बाबा दुग्ध मिशन, आजमगढ़ ने बताया कि कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों और डेयरी व्यवसाय से जुड़े किसानों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, नवीन तकनीकों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाने में मदद करना है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ आधुनिक डेयरी प्रबंधन, डेयरी प्रसंस्करण, संतुलित एवं वैज्ञानिक चारा प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, दुग्ध मूल्य संवर्धन तथा दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा।
कॉन्क्लेव में संबंधित विभागों के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, प्रगतिशील डेयरी किसान एवं बड़ी संख्या में पशुपालकों की सहभागिता रहेगी। आयोजन के माध्यम से पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से डेयरी व्यवसाय संचालित करने, उत्पादकता बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
अपील:
वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी ने जनपद के सभी कृषकों, पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों एवं इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे 05 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, आजमगढ़ में आयोजित इस डेयरी कॉन्क्लेव में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर विशेषज्ञों की सलाह एवं विभागीय योजनाओं का लाभ उठाएं।