
फोन कर घर से बाहर बुलाने के बाद फायरिंग का आरोप, घायल जिला अस्पताल में भर्ती; आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित
ककरहटा गांव में मंगलवार रात हुई घटना से मचा हड़कंप, तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव में मंगलवार की रात मेले में हुए विवाद के बाद एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के बाद युवक को फोन कर घर से बाहर बुलाया गया और फिर उस पर फायरिंग कर दी गई। गोली युवक के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रदेव यादव पुत्र विश्वनाथ यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा निखिल यादव मंगलवार की रात पास में आयोजित मेले में गया था। वहां मानचोभा निवासी सौरभ यादव और मोजरापुरा निवासी अजीत यादव से उसका विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई, जिसके बाद निखिल अपने घर लौट आया।
फोन कर घर से बाहर बुलाने का आरोप
तहरीर के मुताबिक, कुछ देर बाद सौरभ यादव ने मोबाइल फोन से निखिल से संपर्क किया और उसे घर से बाहर बुलाया। वहां दोनों के बीच बातचीत हुई। आरोप है कि जब निखिल वहां से जाने लगा, तभी सौरभ ने उस पर गोली चला दी। गोली निखिल के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में सीओ सिटी शुभम तोड़ी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।