70वीं जनपद स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में कैफ़ी आज़मी स्पोर्ट्स अकादमी का शानदार प्रदर्शन, 10 पदक जीते

आजमगढ़ आजमगढ़ ग्रामीण


आजमगढ़। 70वीं जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में कैफ़ी आज़मी स्पोर्ट्स अकादमी, मिजवाँ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर अकादमी का गौरव बढ़ाया।


प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर अकादमी के 11 खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता आगामी 11 अगस्त को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में आयोजित की जाएगी।


स्वर्ण पदक विजेताओं में शिवम कुमार (अंडर-14), अंशिका पाल (अंडर-14), युवराज प्रजापति (अंडर-17), संजू यादव (अंडर-17) और प्रियांशु प्रजापति (अंडर-19) शामिल रहे। वहीं रजत पदक सुमित गोंड, श्रेया यादव, सूर्यांश विश्वकर्मा और आराधना गोंड ने जीते, जबकि पुलकित प्रजापति ने कांस्य पदक अपने नाम किया।


मिजवाँ वेलफेयर सोसाइटी के डिप्टी मैनेजर मनोज कुमार प्रजापति ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा बैडमिंटन कोच नीरज गोंड को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी अकादमी के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे।


खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से कैफ़ी आज़मी स्पोर्ट्स अकादमी के साथ-साथ पूरे मिजवाँ क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *