पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर


पत्नी और बच्चों से हुआ था विवाद, कमरे में बंद होकर उठाया आत्मघाती कदम


आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में गुरुवार सुबह घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।


जानकारी के अनुसार, खालिसपुर निवासी 30 वर्षीय हरिप्रसाद मौर्य मुंबई में रहकर काम करता था और करीब दो माह पहले घर आया था। परिजनों के मुताबिक वह शराब पीने का आदी था तथा नशे की हालत में अक्सर परिवार के साथ मारपीट करता था। घरेलू विवाद के चलते उसने कुछ दिन पहले पत्नी निधि मौर्य और दोनों बच्चों को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके अंबेडकर नगर के जैतपुर चली गई थी।
बताया गया कि बुधवार को हरिप्रसाद ने फोन कर पत्नी और बच्चों को वापस बुलाया, लेकिन शाम को फिर दोनों के बीच विवाद हो गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना पर डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।
गुरुवार सुबह एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि हरिप्रसाद ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके बाद वह बच्चों को लेकर घर से बाहर चली गई। इसी दौरान हरिप्रसाद ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
करीब नौ बजे पत्नी वापस लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर हरिप्रसाद साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *