
एएचटी व श्रम विभाग की संयुक्त कार्रवाई, परिजनों को भी दी गई सख्त चेतावनी
आजमगढ़। बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत गुरुवार को मुबारकपुर कस्बे में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों में 8 बाल श्रमिक कार्य करते मिले। टीम ने सेवायोजकों को नोटिस जारी करने के साथ ही बच्चों के परिजनों को भविष्य में बाल श्रम न कराने की सख्त चेतावनी दी।
निदेशक, मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी एएचटी के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम ने मुबारकपुर कस्बे के बाजार स्थित विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की।
जांच के दौरान मिले 8 बाल श्रमिकों के परिजनों को मौके पर बुलाकर बाल श्रम के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। वहीं संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के विरुद्ध श्रम विभाग द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी की गई।
संयुक्त टीम ने दुकानदारों और आमजन को बाल श्रम न कराने के लिए जागरूक किया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, बेकरी, ऑटोमोबाइल दुकानों और गैराजों पर जागरूकता पोस्टर चस्पा किए। लोगों को 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 और 181 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
अभियान में प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी नजरे आलम, रोहित प्रताप, मुख्य आरक्षी रामजनम यादव तथा महिला आरक्षी पूनम द्विवेदी शामिल रहीं।
