डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और बार के विकास का लिया संकल्प


आजमगढ़। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, आजमगढ़ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को बार सभागार में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दुर्गा प्रसाद यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव तथा नगरपालिका अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी शिवधन प्रसाद चौरसिया ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।


शपथ लेने वालों में अध्यक्ष भृगुनाथ राम, मंत्री मनोज कुमार राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लौटू राम मौर्य एवं मुन्ना सिंह, उपाध्यक्ष पंकज कुमार एवं बालकृष्ण यादव, कोषाध्यक्ष लालमोहन गिरी, सहमंत्री (प्रशासन) आनंद प्रकाश यादव एवं हरेंद्र यादव, सहमंत्री (पुस्तकालय) कृष्ण कुमार सिंह शामिल रहे।


वरिष्ठ कार्यकारिणी समिति में अजीत कुमार सिंह, अमरजीत कुमार मल्ल, कुमारी आभा श्रीवास्तव, निकेश कुमार यादव, फैजान अहमद और श्यामजीत यादव ने शपथ ली। वहीं कनिष्ठ कार्यकारिणी समिति में अवनेंद्र प्रताप सिंह, अशोक कुमार यादव, आनंद प्रकाश सिंह, आलोक कुमार सिंह और पंकज तिवारी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।


शपथ ग्रहण के बाद नई कार्यकारिणी ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, बार एसोसिएशन के विकास तथा न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में दीवानी बार एवं विभिन्न तहसील बार के अध्यक्ष, मंत्री सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *