
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कई मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को बैंक कर्मचारी और अधिकारी एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल हुए। शहर के रैदोपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के सामने कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। मांगों का समाधान नहीं होने पर सितंबर के अंत में तीन दिन और इसके बाद 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई।
कर्मचारी संगठनों ने सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि इस संबंध में समझौता होने के बावजूद इसे लागू करने में देरी की जा रही है। प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन व्यवस्था में भेदभाव समाप्त कर इसे पारदर्शी और न्यायपूर्ण बनाने की भी मांग की गई।
बैंक शाखाओं में बढ़ते काम के दबाव को देखते हुए पर्याप्त कर्मचारियों की भर्ती, ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को संरक्षण देने, पेंशन में सुधार तथा ग्रेच्युटी संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग भी उठाई गई।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार को सामान्य व्यवस्था के रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कर्मचारियों से निर्धारित नियम, प्रक्रिया और कार्य समय के अनुसार काम करने का आह्वान किया।
विवेक विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष और उमाकांत यादव, उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार और बैंक प्रबंधन को कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर भी धरना
उधर, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अरेबिया ऑफिसर्स स्थायी समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने सिधारी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर धरना दिया। बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन अरेबिया आजमगढ़ के संयोजक निशांत सिंह ने बताया कि 12वें द्विपक्षीय समझौते के तहत पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू की जानी थी, लेकिन अभी तक इसका क्रियान्वयन नहीं हुआ है।
उन्होंने पीएलआई में भेदभाव तथा स्केल तीन और उससे नीचे के कर्मचारियों के वेतन संबंधी मुद्दों को भी उठाया। बताया कि हड़ताल के दौरान नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई सेवाएं चालू रहीं। जनसेवा केंद्र और बैंक मित्र के माध्यम से भी लोगों को नकदी निकासी की सुविधा मिलती रही।
निशांत सिंह ने कहा कि मांगों पर सहमति नहीं बनी तो सितंबर के अंत में तीन दिन की हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।