हत्या की सजा काट रहे कैदी की उपचार के दौरान मौत

आजमगढ़ शहर


जौनपुर जिला कारागार से तबीयत बिगड़ने पर कराया गया था अस्पताल में भर्ती, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
आजमगढ़। हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी की जौनपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सूत्रों के अनुसार, रानी की सराय थाना क्षेत्र के चकवारा गांव निवासी करीब 65 वर्षीय जैनू यादव को आजमगढ़ के जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने हत्या के एक मुकदमे में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वह वर्ष 2008 से सजा काट रहा था। पहले वह आजमगढ़ जिला कारागार में निरुद्ध था, लेकिन कुछ माह पूर्व उसे जौनपुर जिला कारागार स्थानांतरित कर दिया गया था।
बताया गया कि सोमवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद कारागार प्रशासन ने उसे उपचार के लिए जौनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। शाम करीब सात बजे उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।
मृत्यु के बाद कारागार पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया और परिजनों को घटना की सूचना दी। मंगलवार सुबह परिजन जौनपुर जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *