मारपीट का वीडियो वायरल, प्रधान-पुत्र समेत दो पर केस

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


अरया गांव में बातचीत के दौरान विवाद के बाद युवक से मारपीट का आरोप, सीढ़ियों से धक्का देने की घटना वीडियो में कैद होने का दावा
आजमगढ़। अरया गांव में मारपीट का एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। वीडियो में मारपीट की घटना के दृश्य सामने आने का दावा किया गया है। मामले में अरया निवासी विनोद यादव की तहरीर पर ग्राम प्रधान हेन्द्र यादव और उनके पुत्र विकास यादव के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवास को लेकर बातचीत के दौरान हुआ विवाद
एफआईआर के अनुसार सात अगस्त की शाम करीब पांच बजे विनोद यादव गांव के वर्तमान प्रधान हेन्द्र यादव से आवास के संबंध में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि प्रधान ने गाली-गलौज करते हुए विनोद के साथ मारपीट शुरू कर दी। करीब पांच मिनट बाद प्रधान का पुत्र विकास यादव भी मौके पर पहुंच गया।
सीढ़ियों से गिराकर पीटने का आरोप
तहरीर के मुताबिक प्रधान और उनके पुत्र ने मिलकर विनोद के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसे सीढ़ियों की तरफ धक्का दिया गया, जिससे वह नीचे गिरकर घायल हो गया। इसके बाद दोनों ने उसे जान से मारने की नीयत से पीटा।
वीडियो बनाने वाले ने पुलिस को भी दी जानकारी
पीड़ित के अनुसार घटना के समय मौके पर मौजूद एक व्यक्ति वीडियो बना रहा था। मारपीट होते देख उसने वीडियो बनाना बंद कर दिया और अन्य लोगों को फोन कर मौके पर बुलाया। पीड़ित ने बताया कि घटना का वीडियो उसके पास सुरक्षित है और जरूरत पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराया जा सकता है।
वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर होगी जांच
पुलिस ने विनोद यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक जफर अयूब को सौंपी गई है। पुलिस वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *