
बिलरियागंज पुलिस ने नहर पुलिया के पास से पकड़ा, किशोरी को महिला पुलिसकर्मियों की सुपुर्दगी में लिया
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गोरिया बाजार से पहले नहर पुलिया के पास से पकड़ा। उसके साथ किशोरी भी मिली, जिसे महिला पुलिसकर्मियों की अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आठ अगस्त को किशोरी के भाई ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि भगतपुर गांव निवासी तौसीफ उसकी नाबालिग बहन को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी और आरोपी की तलाश शुरू की।
रविवार को उपनिरीक्षक इसरार अहमद खान पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी किशोरी के साथ गोरिया बाजार से पहले नहर पुलिया के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तौसीफ को पकड़ लिया। किशोरी को महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौसीफ पुत्र आमीर, उम्र 21 वर्ष, निवासी भगतपुर, थाना बिलरियागंज के रूप में की है। उसके खिलाफ मु.अ.सं. 211/2026 में धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।