अपराध की कमाई पर पुलिस का वार, 1.60 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


गैंगस्टर संतरा देवी और राज कुमार गौड़ पर कार्रवाई, आठ बिस्वा जमीन चिह्नित


संतरा देवी की 1.20 करोड़ और राज कुमार की 40 लाख रुपये की भूमि पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत होगी कार्रवाई


आजमगढ़। अपराध के जरिये अर्जित संपत्ति पर आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर दो गैंगस्टर अभियुक्तों की करीब 1.60 करोड़ रुपये कीमत की आठ बिस्वा भूमि कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की जा रही है।


नौ मुकदमों वाली गैंगस्टर की 1.20 करोड़ की जमीन पर कार्रवाई
जीयनपुर थाना क्षेत्र के गडेरीपट्टी निवासी संतरा देवी पत्नी सुरेश राम के खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल नौ मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार संतरा देवी का एक संगठित गैंग है, जिसका नेतृत्व उसका पुत्र राज उर्फ सवारिया करता है, जबकि दूसरा पुत्र समर उर्फ अरुण सक्रिय सदस्य है।


पुलिस के मुताबिक अपराध से अर्जित करीब पांच बिस्वा भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1.20 करोड़ रुपये है, को जीयनपुर पुलिस द्वारा कुर्क किया जाएगा।


हत्या के प्रयास से दुष्कर्म तक चार मुकदमे
इसी तरह निजामाबाद थाना क्षेत्र के रेवरा परवेजपुर निवासी राज कुमार गौड़ पुत्र छांगुर गौड़ के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध शस्त्र, दुष्कर्म, आईटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसके द्वारा अपराध से अर्जित करीब तीन बिस्वा भूमि, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये है, को गंभीरपुर पुलिस कुर्क करेगी।


पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ना है। जिले में गैंगस्टर और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *