

छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। तिवारीपुर, सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक डीपी मौर्य, एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य, प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा और कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य ने मां सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। छात्रा मैत्री सिंह ने शिक्षक दिवस पर भाषण देकर गुरुजनों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कक्षा पांच के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक दिवस की थीम पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

समारोह के दौरान प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि शिक्षक विद्यालय की सफलता की असली नींव हैं। शिक्षक बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार देकर अच्छा इंसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करने की अपील की।
प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने कहा कि माता-पिता जन्म देते हैं, जबकि शिक्षक जीवन जीने की कला सिखाते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों की मेहनत, लगन और धैर्य की सराहना की।

समापन पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से केक काटा। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम को सफल बनाने में आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, किशन यादव, आरोही मोदनवाल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान रहा।