
गाटा संख्या 272 की पैमाइश के दौरान हुआ विवाद, विधिक कार्रवाई में जुटी पुलिस
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में सरकारी कार्य के दौरान एक लेखपाल के साथ गाली-गलौज, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, तहसील सगड़ी में तैनात लेखपाल केशपाल सिंह राजस्व ग्राम पोखरा में गाटा संख्या 272 की पैमाइश एवं नजरी नक्शा तैयार करने के लिए मौके पर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के लल्लन पटेल पुत्र नागेंद्र सिंह वहां पहुंचे और लेखपाल के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की धमकी देने लगे। आरोप है कि उन्होंने लेखपाल का वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया तथा मना करने के बावजूद नहीं माने।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी के व्यवहार के कारण सरकारी कार्य बाधित हुआ और लेखपाल अपना कार्य पूरा नहीं कर सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए रौनापार पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मधुसूदन मिश्रा को सौंपी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।