
अतरौलिया थाना पुलिस ने अकबेलपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर किया बरामद
आजमगढ़। अतरौलिया थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से पांच बैल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर अवलेपुर अंडरपास के पास वाहन की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया और पीछा करने के दौरान टोल प्लाजा का बैरियर भी तोड़ दिया। कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर चालक व उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे पांच बैल बरामद हुए। वाहन से एक एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में गोवंशों को अवैध वध के उद्देश्य से ले जाने की आशंका है।
बरामद गोवंशों को सुरक्षित गौशाला भेज दिया गया, जहां पशु चिकित्सकों की निगरानी में उनका परीक्षण कराया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है तथा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।