
बलरामपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व अपर निदेशक, आजमगढ़ मंडल डॉ. विजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा एवं जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने किया।
तिरंगा यात्रा चिकित्सालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए वापस जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में चिकित्सकों, एएनएमटीसी की नर्सिंग छात्राओं, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रतिभागियों ने एकजुटता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस दौरान “भारत माता की जय”, “जय जवान-जय किसान”, “अमर शहीद अमर रहें” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। नर्सिंग छात्राओं और स्वास्थ्यकर्मियों के जोशीले नारों ने यात्रा में विशेष उत्साह भरा।
अपर निदेशक डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, स्वतंत्रता और वीर सपूतों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील की।
अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं।
यात्रा के समापन पर सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन में डॉ. अशोक पटेल, डॉ. ज्योत्सना द्विवेदी, डॉ. श्रेष्ठा अग्रवाल, मैट्रन दुर्गा देवी, स्मिता राय, शकुंतला यादव, एएनएमटीसी प्रधानाचार्य प्रियंका यादव सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।