UPSSSC परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ शहर


छह लाख रुपये में अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से नकल कराने की थी डील, सैमसंग मोबाइल बरामद


आजमगढ़। UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल कराने की साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए गिरोह के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को वाराणसी निवासी कुश पटेल (27) को नरौली तिराहा बंधा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।


परीक्षा केंद्र में पकड़ा गया था अभ्यर्थी
घटना नौ अगस्त की है। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान ब्लॉक-ए के एक कक्ष में परीक्षा दे रहे आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर तलाशी ली गई थी। उसके कान के अंदर से हियरिंग डिवाइस और अंडरवियर के अंदर से सिम व दो सेल वाली ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुई थी।
पूछताछ में सामने आया कि परीक्षा के दौरान बाहर से प्रश्नों के उत्तर बताकर अभ्यर्थी को नकल कराने की योजना थी। मामले में आलोक पटेल और विरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू को पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


छह लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कुश पटेल ने पूछताछ में बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले विरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू ने उससे अभ्यर्थी के जरिए परीक्षा में नकल कराने के संबंध में बात की थी। इसके बाद वह अन्य साथियों के साथ अरविंद राय के संपर्क में आया। हियरिंग और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए अभ्यास कराया गया तथा परीक्षा के दौरान उत्तर बताने की योजना बनाई गई। इसके लिए अभ्यर्थी से छह लाख रुपये लेने की बात तय हुई थी।


पुलिस की सक्रियता देख भाग निकले थे साथी
कुश के मुताबिक परीक्षा के दिन वह अपने साथियों के साथ आलोक पटेल को लेकर वाराणसी से आजमगढ़ आया था। आलोक परीक्षा केंद्र के अंदर चला गया, जबकि अन्य लोग बाहर उसका इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस की गतिविधियां बढ़ने और एक अभ्यर्थी के पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर सभी मौके से फरार हो गए।


पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में थाना कोतवाली में बीएनएस, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश-2024 और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *