
मजदूरी के लिए घर से निकले थे 60 वर्षीय दिलीप कुमार, गंभीर हालत में घर लाए गए, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने की उम्मीद
बलरामपुर। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के साजूपट्टी गांव निवासी 60 वर्षीय मजदूर दिलीप कुमार की शुक्रवार शाम मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह सुबह मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। शाम को नत्थुपुर गांव के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में मिलने के बाद परिजन उन्हें घर लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।

परिजनों के मुताबिक, दिलीप कुमार शुक्रवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकले थे। दोपहर में उन्होंने फोन कर घर लौटने की बात कही थी। शाम तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि दिलीप नत्थुपुर के पास सड़क किनारे पड़े हैं।
परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें घर लेकर आए। हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस के लिए फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर परिजन दिलीप को मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। वे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।