
विरोध करने पर चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हुई महिला का चाकू से रेता गला, निशानदेही पर हथियार बरामद
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में चोरी की नीयत से घर में घुसी 22 वर्षीय युवती ने गृहिणी के विरोध करने पर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद किया गया है।
घटना 20 अगस्त की है। देवगांव थाना क्षेत्र के करिया गोपालपुर निवासी मुस्तफा ने बरदह थाने में सूचना दी कि उनकी पुत्री अकबरी की शादी बरदह गांव में हुई थी। वह अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती थीं, जबकि पति ताहिर और बड़ा बेटा समीर मुंबई में रहते हैं। दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी से सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे तो अकबरी मृत मिलीं। प्रथम दृष्टया गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस ने जांच तेज की। 22 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि मृतका के घर लगातार आने-जाने वाली एक संदिग्ध महिला अपने घर पर मौजूद है। पुलिस ने बरदह निवासी बबीता पुत्री जय प्रकाश गोंड (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, बयानों में विरोधाभास मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने घटना स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जानकारी थी कि अकबरी बेड के नीचे रुपये रखती थीं। 20 अगस्त को वह चोरी करने के इरादे से घर पहुंची और रुपये निकालने लगी। इसी दौरान अकबरी छत से कमरे में आ गईं और उसे चोरी करते देख लिया। विरोध करने पर दोनों में हाथापाई हुई। बाल खींचने के दौरान अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गईं।
पकड़े जाने के डर से रेता गला
पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से बबीता ने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अकबरी का गला रेत दिया और मौके से भाग निकली। उसने चाकू अपने घर के पास करकट में छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया।
बबीता को 22 अगस्त की शाम करीब 7:15 बजे पुलिस हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, आरक्षी वेद व्यास तिवारी, आरक्षिका अंकिता सिंह और आरक्षिका बीनू सिंह शामिल रहीं।