बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, शादी का सामान जलकर खाक

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

आज वलीमा की तैयारी के बीच हुआ हादसा, फायर ब्रिगेड की 5-6 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आजमगढ़। शहर के कोट किला रोड स्थित नाला धर्मू मोहल्ले में सोमवार की सुबह करीब पांच बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब महताब आलम के घर के बेसमेंट में अचानक आग लग गई। बेसमेंट में शादी समारोह के लिए रखा दहेज का सामान और अन्य सामान रखा हुआ था। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बेसमेंट से धुआं निकलने लगा। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की करीब पांच से छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।


बेसमेंट में बड़ी मात्रा में शादी का सामान रखा होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया गया। घटना के दौरान पूरे मोहल्ले में हड़कंप की स्थिति बनी रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
परिजनों के अनुसार, आज घर में वलीमा का आयोजन होना था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच बेसमेंट में आग लगने से शादी के लिए रखा सामान आग की चपेट में आ गया। हादसे में कितना नुकसान हुआ है, इसका अभी आकलन नहीं हो सका है। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *