दुकान से 14 ग्राम सोने के झुमके चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध, जांच में जुटी police

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल बाजार की घटना, व्यापारियों में दहशत
अहरौला (आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल स्थित एक आभूषण की दुकान से करीब 14 ग्राम सोने के आठ जोड़ी कान के झुमके चोरी हो गए। घटना के बाद दुकान संचालक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार घटना 14 अगस्त की शाम करीब 4:58 बजे हुई।


दो लोग सीसीटीवी में दिखाई दिए
नगर पंचायत माहुल निवासी संजय कुमार सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति दुकान से सोने के आठ जोड़ी कान के झुमके लेकर फरार हो गया। चोरी किए गए आभूषणों का वजन करीब 14 ग्राम बताया गया है। दुकानदार के मुताबिक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक व्यक्ति बाइक लेकर आगे खड़ा था, जबकि दूसरा दुकान से सामान लेकर निकलता दिखाई दिया।


अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस
शिकायत के आधार पर अहरौला पुलिस ने 16 अगस्त की रात करीब 11:41 बजे एफआईआर दर्ज की। मुकदमे में दो अज्ञात आरोपियों का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्याम कुमार दुबे को सौंपी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद से आसपास के दुकानदारों में भी चोरी को लेकर चिंता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *