विकसित भारत के संकल्प से युवाओं को जोड़ने को चलेगा व्यापक अभियान: डॉ. भावना

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


30 सितंबर तक होगी विकसित भारत चैलेंज ट्रैक की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी, 15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। विकसित भारत के संकल्प को युवाओं की भागीदारी से गति देने के लिए जनपद में व्यापक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027’ के तहत युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
जिला युवा अधिकारी डॉ. भावना ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रैक’ के तहत ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी आयोजित की जा रही है। इसमें 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रतिभागियों को इन्हें हल करने के लिए 600 सेकेंड यानी 10 मिनट का समय मिलेगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रश्नोत्तरी में एक बार शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रश्नोत्तरी के अलावा ‘सांस्कृतिक’ और ‘इनोवेट फॉर भारत’ ट्रैक के माध्यम से भी युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। युवा लोकनृत्य, लोकगीत, कविता लेखन सहित विभिन्न रचनात्मक माध्यमों से अपनी भागीदारी कर सकते हैं।
गांव से कॉलेज तक पहुंचाया जा रहा अभियान
डॉ. भावना ने बताया कि जनपद के सभी विकासखंडों में युवाओं को इस राष्ट्रीय पहल से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रश्नोत्तरी की जानकारी दी जा रही है। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष रूप से अभियान से जोड़ने पर जोर है।
ग्रामीण क्षेत्रों तक अभियान की पहुंच बनाने के लिए पंचायती राज संस्थाओं की भी मदद ली जा रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और संबंधित लोगों के सहयोग से युवाओं को इस पहल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक संभाल रहे जिम्मेदारी
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि सभी विकासखंडों में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। स्वयंसेवक युवा मंडलों, शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण समुदायों से संपर्क कर प्रश्नोत्तरी की जानकारी देने के साथ युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विकसित भारत का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना पूरा नहीं किया जा सकता। यह प्रश्नोत्तरी युवाओं को देश की विकास यात्रा समझने, अपने ज्ञान को परखने और राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी पहचानने का अवसर देगी।
डॉ. भावना ने युवाओं, विद्यार्थियों, युवा संगठनों, शिक्षकों, शिक्षण संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *