अस्पताल परिसर से लापता पांच साल की बच्ची, तीन घंटे में पुलिस ने खोज निकाला

आजमगढ़ आजमगढ़ ग्रामीण


सीसीटीवी फुटेज के सहारे कटघर क्षेत्र से सकुशल बरामद हुई बच्ची, परिजनों को सौंपकर पुलिस ने दी बड़ी राहत

हिंदी न्यूज़ 24

आजमगढ़। 100 शैय्या चिकित्सालय, लालगंज परिसर से गुरुवार को अचानक लापता हुई पांच वर्षीय बच्ची को देवगांव पुलिस ने सूचना मिलने के महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के मिलने की सूचना परिजनों के लिए बड़ी राहत लेकर आई। पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार देवगांव थाना क्षेत्र के कोटा बुजुर्ग निवासी बबलू यादव गुरुवार को करीब 12 बजे अपनी पत्नी और पांच वर्षीय पुत्री के साथ उपचार के लिए 100 शैय्या चिकित्सालय, लालगंज पहुंचे थे। इसी दौरान बच्ची अचानक चिकित्सालय परिसर से कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी ने खोला रास्ता, कटघर में मिली बच्ची
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवगांव सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल चिकित्सालय पहुंचे। पुलिस टीम ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने बच्ची की तलाश तेज कर दी।
पुलिस की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप बच्ची को कटघर क्षेत्र से सूचना मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्ची के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *