जवाहर नवोदय विद्यालय में 100 से अधिक छात्राओं ने खुद को कमरे में किया बंद, पांच घंटे चला मान-मनौव्वल

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


महिला कर्मचारी से कथित छेड़छाड़ के विरोध में छात्राओं का आक्रोश, आरोपी कर्मचारी को हटाने और कार्रवाई की मांग

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 100 से अधिक छात्राओं ने एक कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हॉस्टल के एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। छात्राओं के इस कदम की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन के साथ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब पांच घंटे तक छात्राओं को समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। महिला कर्मचारी ने छात्राओं को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद छात्राएं आक्रोशित हो गईं। छात्राओं ने आरोपित कर्मचारी गुड्डू प्रसाद को विद्यालय से हटाने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हॉस्टल के एक कमरे में खुद को बंद कर लिया।
मामले की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्राचार्य मौके पर पहुंचे और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी सगड़ी, क्षेत्राधिकारी लालगंज, एसडीएम लालगंज और एसडीएम सगड़ी समेत अन्य अधिकारी विद्यालय पहुंचे।
अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने और कमरे से बाहर आने के लिए मनाने का प्रयास शुरू किया। छात्राओं की मांगों और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने उन्हें नियमानुसार जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
करीब पांच घंटे की मान-मनौव्वल के बाद छात्राओं ने कमरे का दरवाजा खोला। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में छात्राओं को भोजन कराया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले को लेकर विद्यालय प्रशासन, पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *