सीईसी के इस्तीफे की मांग पर सपाइयों का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट छावनी में तब्दील

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर राजनीत


जुलूस रोककर कुंवर सिंह उद्यान की ओर भेजे गए कार्यकर्ता, भाजपा की पदयात्रा को देखते हुए पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से बुधवार को प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। सपाइयों के सड़क पर उतरकर प्रदर्शन के कार्यक्रम को देखते हुए कलेक्ट्रेट क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और जगह-जगह बैरिकेडिंग कर रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई। पूरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर और सपा कार्यालय के आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।


समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अलग-अलग गुटों में पार्टी कार्यालय पहुंचते रहे। हालांकि, प्रशासन की ओर से उन्हें सड़क पर उतरकर जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी गई। कार्यकर्ता जब जुलूस की शक्ल में पार्टी कार्यालय की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें कार्यालय के सामने स्थित कुंवर सिंह उद्यान की ओर डायवर्ट कर दिया। देखते ही देखते उद्यान में बड़ी संख्या में सपाइयों का जमावड़ा हो गया।


आमने-सामने आने से रोके गए दोनों दलों के कार्यक्रम
उधर, भारतीय जनता पार्टी की ओर से चल रही सेवा संकल्प यात्रा के तहत प्रस्तावित पदयात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने दोनों दलों के कार्यक्रमों को आमने-सामने आने से रोकने के लिए विशेष रणनीति बनाई थी। कलेक्ट्रेट के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि किसी भी स्थिति में दोनों पक्षों के जुलूस एक-दूसरे के सामने न आ सकें।


एसपी सिटी समेत आला अधिकारियों ने संभाली कमान
सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, सीओ सदर और सीओ फूलपुर के नेतृत्व में पुलिस बल ने संभाली। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कलेक्ट्रेट और सपा कार्यालय के आसपास तैनात रहे। प्रदर्शनकारियों को डीएम कार्यालय की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
पुलिस की सख्ती और लगातार निगरानी के चलते कलेक्ट्रेट क्षेत्र में दिनभर गहमागहमी बनी रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी बैरिकेडिंग के साथ-साथ प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैद रहे। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर पूरी तरह पुलिस सुरक्षा के घेरे में नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *