
कुष्ठ बस्ती पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वितरित किए फल, गांधी जी के सेवा और करुणा के संदेश को किया आत्मसात
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीएमओ कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और राष्ट्रहित एवं जनसेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

गांधी जयंती के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगरपालिका स्थित कुष्ठ बस्ती में विशेष सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जिला कुष्ठ अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द्र कुमार तथा रामचंद्र चौहान बस्ती में पहुंचे और वहां रह रहे लोगों को फल वितरित किए। उन्होंने कुष्ठ प्रभावित लोगों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की यह पहल महात्मा गांधी के सेवा, करुणा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के संदेश को समर्पित रही।
भेदभाव नहीं, सम्मान और अपनत्व जरूरी

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी केवल उपचार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सम्मान, संवेदना और अपनत्व पहुंचाना भी विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
ध्वजारोहण के बाद सभागार में आयोजित गोष्ठी में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व, कृतित्व, त्याग, सादगी और देश के प्रति योगदान को याद किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग, स्वच्छता और नैतिक मूल्यों का संदेश देता है। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। देश और समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। जब हम अपने भीतर नैतिकता, जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध को जागृत करेंगे, तभी समाज और राष्ट्र को मजबूत दिशा दे सकेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने में महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री तथा स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य सेनानियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से गांधी जी के स्वच्छता, सादगी और सेवा के संदेश को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया।
गोष्ठी में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (आरसीएच) डॉ. उमाशरण पांडेय, डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द्र कुमार, डॉ. अविनाश झा, जिला प्रशासनिक अधिकारी दिलीप सिंह, एआरओ अंजू सिंह, अजीत यादव, वाहन चालक संघ के अध्यक्ष विजय दूबे सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विचार व्यक्त किए और महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।