

मंडलायुक्त विवेक बोले- गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं, बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गांधी जयंती के अवसर पर मंडलायुक्त कार्यालय भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। मंडलायुक्त विवेक की मौजूदगी में अपर आयुक्त-न्यायिक डॉ. अर्चना द्विवेदी एवं अपर आयुक्त ज्योति राय ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया।
ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरांत मंडलायुक्त विवेक ने कार्यालय सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया और दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त विवेक ने महात्मा गांधी के जीवन संघर्ष, देश सेवा और उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं, बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी।” उन्होंने कहा कि गांधी जी की अहिंसा सक्रिय अहिंसा थी। महान वही है जो विरोधों से भागता नहीं, बल्कि विरोध को स्वीकार करते हुए विरोधियों से सामंजस्य स्थापित कर अपने सिद्धांतों पर आगे बढ़ता है। गांधी जी के जीवन में यह विशेषता प्रमुखता से दिखाई देती है।
मंडलायुक्त ने कहा कि गांधी जी की विचारधारा वैश्विक विचारधारा थी। इसलिए आज हमें केवल एक व्यक्ति की जयंती मनाने का नहीं, बल्कि एक वैश्विक विचारधारा को स्मरण करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्षों और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उनके महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के “जय जवान, जय किसान” के नारे ने देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मंडलायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी के “सादा जीवन, उच्च विचार” के सिद्धांत को लाल बहादुर शास्त्री ने अपने जीवन में चरितार्थ किया। उनके जीवन में दिखावा नाममात्र भी नहीं था। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे दोनों महान विभूतियों के जीवन से निरंतर सीख और प्रेरणा लें तथा देश के विकास में अपना सकारात्मक योगदान दें।
छात्राओं ने प्रस्तुत की रामधुन
कार्यक्रम से पूर्व अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पाण्डेय, अपर आयुक्त-न्यायिक डॉ. अर्चना द्विवेदी, अपर आयुक्त ज्योति राय, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पाण्डेय, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता अजीत कुमार सिंह, सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव एवं मंत्री जनार्दन राय सहित अन्य लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान वक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान समय में अपनाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया। स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं ने रामधुन सहित अन्य प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध सहित मंडलायुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।