
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य यात्रा, अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया एकता-अखंडता का संकल्प
आजमगढ़। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को जहानागंज में देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह और ब्लॉक प्रमुख रमेश कनौजिया के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। पूरे रास्ते भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल गूंजता रहा।
यात्रा का शुभारंभ ब्लॉक परिसर से हुआ। यहां से यात्रा जहानागंज बाजार के मुख्य चौक, मिश्रा मार्केट और सैयद मोड़ होते हुए मवेशी स्थित अमर शहीद के. सिंह की प्रतिमा स्थल पर पहुंची। वहां शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
बच्चों के नारों से गूंजा बाजार
तिरंगा यात्रा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चे आगे-आगे चल रहे थे। बच्चे भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते रहे। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच तिरंगे से सजा पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया।
तिरंगा देश की आन-बान और शान : विक्रांत सिंह
यात्रा के बाद ब्लॉक परिसर में गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह रिशु ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम में लक्ष्मण मौर्य, पूर्व प्रमुख बहादुर चौबे, विजय बहादुर सिंह, जेपी यादव, अखिलेश सिंह, दिवाकर सिंह, ब्रजनाथ सिंह, रमेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष अनिल सिंह, डॉ. विवेक सिंह और एपीओ शिवा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।