गांधी जी के अहिंसात्मक साहस और शास्त्री जी की सादगी को जीवन में अपनाएं युवा : कुलपति

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय व संबद्ध महाविद्यालयों में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान
‘नशामुक्त युवा भारत अभियान’ की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-मूल्यों को आत्मसात कर युवा पीढ़ी समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकती है। गांधी जी ने श्रमदान, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, वहीं शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। यह विचार महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।
कुलपति ने दोनों महापुरुषों की जीवनी और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को उनके अदम्य अहिंसात्मक साहस और जीवन के प्रेरक प्रसंगों को अपने व्यवहार में उतारना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से श्रमदान की भावना को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने जन्मस्थान के साथ-साथ कार्यस्थल पर भी श्रमदान करने में संकोच नहीं करना चाहिए।


इस अवसर पर कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ स्वच्छता अभियान में स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल परिसर को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ विचार और स्वस्थ सामाजिक वातावरण का निर्माण भी हमारी जिम्मेदारी है।
कुलपति ने छुआछूत और सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों से दूर रहकर समानता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने युवाओं से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कुलसचिव अमृत लाल ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि दो अक्टूबर केवल जयंती मनाने का दिन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में उतारने का अवसर है। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश के क्रम में यह आयोजन प्रदेश के साथ-साथ महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों में सादगी के साथ मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान ‘नशामुक्त युवा भारत अभियान’ के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को कुलपति ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान की छात्रा प्रतिष्ठा चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. मनीषा, डॉ. हरेंद्र, डॉ. परमानंद, डॉ. सचिन, डॉ. भंवर लाल सहित अन्य अतिथि प्रवक्ता, विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *