
जनता इंटर कॉलेज में योगाभ्यास के दौरान हुआ विवाद, अभिषेक यादव के खिलाफ फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज
हिंदी न्यूज़ 24
फूलपुर। जनता इंटर कॉलेज में योगाभ्यास कर रहे भाजपा के मंडल अध्यक्ष सूर्यभान यादव के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अभिषेक यादव ने भाजपा में रहने को लेकर आपत्ति जताते हुए उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए कहा। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर फूलपुर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 351(3), 352 और 115(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
हाजीपुर निवासी सूर्यभान यादव पुत्र स्व. रामसूरत यादव वर्तमान में भाजपा के मंडल माहुल के युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष बताए गए हैं। तहरीर के अनुसार घटना 28 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे की है। सूर्यभान यादव जनता इंटर कॉलेज में योगाभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान हाजीपुर निवासी अभिषेक यादव पुत्र अनिल चौधरी यादव वहां पहुंचा।
आरोप है कि अभिषेक यादव ने भाजपा में रहने को लेकर सूर्यभान यादव के साथ गाली-गलौज की और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ भी अपशब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद उनसे भाजपा छोड़ने के लिए कहा गया। सूर्यभान यादव ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में होने की बात भी तहरीर में कही है।
सूर्यभान यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपी को दबंग और प्रभावशाली बताते हुए भविष्य में जानलेवा हमला किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर 30 अगस्त को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की विवेचना उप निरीक्षक/वरिष्ठ उप निरीक्षक शिव सरन सिंह को सौंपी गई है।