थाना के पीछे जलभराव से घरों तक पहुंचना दुश्वार, अतिक्रमण हटाने की मांग

आजमगढ़ आजमगढ़ ग्रामीण


सरकारी अभिलेख में दर्ज बाहा पर कब्जे का आरोप, राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच; जल्द सीमांकन कर कार्रवाई का एसडीएम ने दिया भरोसा

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह, आजमगढ़। स्थानीय थाना बरदह के पीछे जलभराव की समस्या से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने गुरुवार को एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता के समक्ष शिकायती प्रार्थना पत्र देकर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण कई घरों तक पहुंचने के लिए लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे आवागमन के साथ ही आसपास रहने वाले परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जल निकासी के लिए ग्रामसभा की ओर से बाहा (जल निकासी मार्ग) का निर्माण कराया गया था, लेकिन उक्त स्थल पर अतिक्रमण कर मकान बना लिए गए हैं। इसके चलते पानी की निकासी बाधित हो गई है और बरसात के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है।
शिकायत के बाद गुरुवार को मार्टिनगंज के न्यायिक तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक सहित राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने जलभराव वाले स्थान का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्षों से ग्रामसभा के सरकारी राजस्व अभिलेखों में उक्त स्थान बाहा के रूप में चिन्हित है। इसके बावजूद वहां कथित रूप से अतिक्रमण कर मकान बनाकर कब्जा कर लिया गया है।


मौके पर मौजूद तहसील कर्मचारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थल का सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी तथा जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
समाधान नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर देंगे धरना
जल निकासी की समस्या का तत्काल समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर धरना-प्रदर्शन भी किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जल निकासी और आवागमन के रास्ते की व्यवस्था नहीं की गई तो वे जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी आजमगढ़ के समक्ष अपनी समस्या रखेंगे।
ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के कारण बारिश के दिनों में घरों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सरकारी अभिलेखों में दर्ज जल निकासी मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाना जरूरी है।
इस दौरान राजभवन, अकरम, पप्पू तिवारी, कमलेश, मनोज, नीतीश, अरशद, दीपचंद्र, सनिया बानो, रुकसाना, रामजी राम, सलीम समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता ने बताया कि राजस्व टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में जल्द ही उक्त स्थल का सीमांकन कराया जाएगा। यदि अतिक्रमण पाया गया तो उसे हटाकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *