
मेजवां में कैफी आजमी के जीवन और उनके सामाजिक कार्यों पर आधारित हो रही शूटिंग, आगामी फैशन शो में प्रदर्शित होगी फिल्म
फूलपुर। प्रगतिशील शायर कैफी आजमी के पैतृक गांव मेजवां में इन दिनों फिल्म अभिनेत्री शबाना आजमी की देखरेख में शूटिंग चल रही है। कैफी आजमी के जीवनकाल में गांव के विकास और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए गए कार्यों पर आधारित इस शूटिंग को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग मेजवां पहुंच रहे हैं।
शबाना आजमी की देखरेख में मेजवां स्थित फतेह मंजिल, कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर और उनके पैतृक घर में शूटिंग की गई। बताया गया कि शूटिंग के जरिए कैफी आजमी के गांव में किए गए सामाजिक कार्यों और उनके सपनों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। तैयार सामग्री को आगामी दिनों मुंबई में होने वाले फैशन शो में प्रदर्शित किया जाएगा।

शूटिंग के दौरान फतेह मंजिल में कजरी महोत्सव का आयोजन भी हुआ। इसमें ग्रामीण महिलाओं ने कजरी गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान शबाना आजमी ने चिकनकारी सेंटर की कामगार महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने और चिकनकारी के माध्यम से रोजगार हासिल करने के अनुभवों पर आधारित इंटरव्यू की शूटिंग भी की गई।
मिजवां वेलफेयर सोसाइटी के उप प्रबंधक मनोज प्रजापति ने बताया कि शूटिंग में कैफी आजमी द्वारा गांव में किए गए कार्यों से लेकर सिलाई और चिकनकारी के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल को प्रमुखता से दिखाया जा रहा है। इसका उद्देश्य कैफी आजमी के सामाजिक सरोकार और उनके गांव के लिए किए गए कार्यों को लोगों तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को कैफी आजमी कंप्यूटर सेंटर, आसपास के घरों और कुंवर नदी सहित अन्य स्थानों पर शूटिंग की जाएगी। शूटिंग को लेकर गांव में लोगों में खासा उत्साह है और लोग शबाना आजमी को देखने के लिए भी पहुंच रहे हैं।