
कारगिल शहीद रामसमुझ यादव मेले में पूर्व सेनाध्यक्ष ने पूर्वांचल के 35 शहीद परिजनों को किया सम्मानित, लाखों की लागत से बनेगा शहीद स्मारक
आजमगढ़। शहीदों की वीरता और बलिदान को नमन करने के लिए रविवार को नत्थूपुर अंजन शहीद स्थित शहीद पार्क में 26वां कारगिल शहीद रामसमुझ यादव मेला एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शहीद पार्क में स्थापित शहीद रामसमुझ यादव के विशाल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्वांचल के 35 शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नाटक और कारगिल युद्ध पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। भोजपुरी कलाकार समर सिंह और खुशी कक्कड़ ने भी एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक जमकर झूमते और थिरकते नजर आए।

कारगिल में 114 जवान हुए थे शहीद
पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों में जो जज्बा है, वह दुनिया की किसी सेना में नहीं है। 13 कुमाऊं रेजिमेंट बहुत मजबूत रेजिमेंट है। वर्ष 1962 में इस रेजिमेंट ने चीन के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में 114 जवान शहीद हुए थे। मुश्किल परिस्थितियों में जवानों ने कहा था कि पहली गोली पाकिस्तान ने मारी है, अंतिम गोली हम मारेंगे।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों और युवाओं में सेना के प्रति जज्बा बढ़ता है। देश के जवान आज हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। वर्तमान सरकार ने सेना को खुली छूट दे रखी है कि यदि कोई देश हिमाकत करता है तो उसे उसके घर में घुसकर जवाब दिया जा सकता है। इससे जवानों का हौसला बढ़ा है और देश ऐसी सेना के दम पर सुरक्षित है।
शहीद रामसमुझ यादव की याद में बनेगा स्मारक
विशिष्ट अतिथि सांसद धर्मेंद्र यादव ने शहीद रामसमुझ यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जन्मदिन के दिन ही 104 डिग्री बुखार होने के बावजूद भारत माता की सेवा करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया था। उन्होंने दर्जनों पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और सबसे ऊंची चोटी पर कब्जा किया। ऐसे सपूत पर पूरे देश को गर्व है।
उन्होंने कहा कि शहीद रामसमुझ यादव की याद में पार्क में लाखों रुपये की लागत से स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। यहां बनने वाला स्मारक युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि भारत माता के वीर सपूतों के बलिदान की वजह से ही 140 करोड़ देशवासी चैन की नींद सोते हैं।
सांसद ने कहा कि शहीदों को सम्मान देने का काम सबसे पहले नेताजी मुलायम सिंह यादव ने रक्षा मंत्री रहते हुए किया था। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों को अधिक से अधिक सम्मान दिलाने के लिए प्रयास किया जाना चाहिए।

अग्निवीर योजना पर सरकार को घेरा
धर्मेंद्र यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चार साल के लिए सैनिक के तौर पर काम करने के बाद युवाओं के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता पैदा हो जाती है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना खत्म करने का फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना कहीं न कहीं सैनिकों को पेंशन देने से बचने और सरकार का बजट कम करने के उद्देश्य से लाई गई है। उन्होंने पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की मांग का भी समर्थन किया। कहा कि सरकार बनने पर पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की ओपीएस की मांग पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार बनने पर इस स्थान को ऐतिहासिक शहीद स्मारक के रूप में स्थापित करने का काम किया जाएगा।
शहीद परिवारों के लिए समर्पित है कार्यक्रम
शहीद के भाई प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के शहीद परिवारों को समर्पित है। सभी के सहयोग से यह आयोजन आगे भी निरंतर चलता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप तिवारी ने किया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव, विधायक संग्राम सिंह यादव, विधायक बेचई सरोज, विधायक नफीस अहमद, सगड़ी विधायक किचन सिंह पटेल, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह गुड्डू, सपा नेता मनीष कुमार मिश्रा सहित जिले के अन्य समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।