
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
आजमगढ़।श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर जनपद के प्रमुख शिवालय भंवरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने मंदिर परिसर के प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, नियंत्रण कक्ष, ड्यूटी प्वाइंट, कांवड़ मार्ग तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दर्शन व्यवस्था सुचारु रहे, स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर अविनाश कुमार गौतम को अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती तथा 8-8 घंटे की शिफ्टवार सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए, भीड़ प्रबंधन पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही महिला सुरक्षा, यातायात संचालन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में आयोजित शिव लीला की सांस्कृतिक प्रस्तुति का भी अवलोकन किया और कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त निगरानी और प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं कांवड़ मार्गों पर प्रथम श्रावण सोमवार का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।