
भोर में खेत की ओर गई गाय को पकड़ने निकले थे शिवबचन गौंड, उपचार से पहले ही तोड़ा दम
बलरामपुर। जहानगंज थाना क्षेत्र के भुजही गांव में सोमवार की भोर एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, भुजही गांव निवासी शिवबचन गौंड (65) पुत्र स्वर्गीय तपसी राम गौंड सोमवार सुबह करीब चार बजे घर से निकले थे। उनकी गाय खूंटे से छूटकर खेत की ओर चली गई थी। गाय को पकड़ने के लिए जब वह खेत पहुंचे, तभी झाड़ियों में छिपे एक विषैले सांप ने उनके पैर में डस लिया।
सर्पदंश के बाद परिजन गंभीर हालत में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल, आजमगढ़ लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी सुदामी देवी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। दोनों पुत्र दिल्ली में रहकर रोजगार करते हैं, जबकि शिवबचन गौंड अपनी पत्नी के साथ गांव में रहते थे। वृद्ध की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।