
सैकड़ों बाइक सवार कार्यकर्ता यात्रा में हुए शामिल, नरौली पहुंचकर सेवा संकल्प कार्यक्रम का देखा सीधा प्रसारण
हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। जीयनपुर स्थित एक स्कूल से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों बाइक सवार भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और पार्टी नेता शामिल हुए। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए आजमगढ़ शहर के नरौली पहुंची।
भाजपा का सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा दिल्ली में सेवा ज्योति प्रज्वलित किए जाने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नरौली में कार्यकर्ताओं ने देखा और सुना।
सगड़ी विधानसभा की सेवा ज्योति यात्रा जीयनपुर से निकलकर बनकट, सगड़ी तहसील और अंजान शहीद होते हुए आजमगढ़ शहर के नरौली पहुंची। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने सेवा ज्योति के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की।
यात्रा के संयोजक दिवाकर सिंह और डॉ. ओमकार राय के नेतृत्व में निकली यात्रा में भाजपा नेता संतोष सिंह टीपू, पूर्व विधायक वंदना सिंह, मंडल अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, सुधीर सिंह, मुकेश सिंह, संतोष जायसवाल, प्रेमभूषण सिंह, परितोष जायसवाल, जीतेन्द्र सिंह, बांके यादव, यश सिंह, रविन्द्र श्रीवास्तव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।