सगड़ी में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की नई शाखा का शुभारंभ

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


ग्रामीणों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी : सहजानंद राय

हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी/आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के जीयनपुर बाजार में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की नवीन शाखा का मंगलवार देर शाम हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। शाखा खुलने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बैंकिंग एवं विभिन्न वित्तीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद जगी है।
नई शाखा का शुभारंभ भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय एवं उत्तर प्रदेश जिला सहकारी बैंक के निदेशक अरविंद कुमार जायसवाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
शाखा के माध्यम से ग्रामीणों को सेविंग अकाउंट, एफडी, आरडी, गोल्ड लोन, समूहों के लिए वित्तीय सुविधाओं सहित अन्य बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई। क्षेत्र में इस प्रकार की शाखा नहीं होने के कारण लोगों को अब तक सरकारी बैंकों पर निर्भर रहना पड़ता था और बैंकिंग कार्यों के लिए लंबी कतारों एवं भागदौड़ का सामना करना पड़ता था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की बैंक शाखाओं की काफी आवश्यकता है। इससे लोगों को केवल सरकारी बैंकों पर निर्भर रहने के बजाय निजी क्षेत्र के बैंकों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों में बचत की आदत को बढ़ावा मिलेगा और जरूरत के समय वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न समूहों और संस्थाओं को भी बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ मिल सकता है। आरबीआई और सरकार के निर्धारित प्रावधानों के तहत बैंकिंग सेवाओं का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश जिला सहकारी बैंक के निदेशक अरविंद जायसवाल, शाखा प्रबंधक शुभम जायसवाल, रीजनल मैनेजर दीपक राय, तेजभान तिवारी, डिवीजन मैनेजर पवन तिवारी सहित बैंक के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *