
चार बेड का एनआईसीयू मिला, दो नवजात थे भर्ती; चिकित्सक भी नहीं मिला मौजूद
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। बिलरियागंज में बिना आवश्यक पंजीकरण संचालित किए जा रहे ओम चाइल्ड केयर के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा को मिली शिकायत के बाद उनके निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान अस्पताल बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित पाया गया। मौके पर कोई चिकित्सक भी मौजूद नहीं था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
अस्पताल में संचालित मिला चार बेड का एनआईसीयू
डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और अभिलेखों की जांच की। इस दौरान अस्पताल में चार बेड का नवजात गहन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) संचालित मिला। एनआईसीयू में उस समय दो बच्चे भर्ती थे।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके परिजनों को अस्पताल की स्थिति से अवगत कराया। परिजनों की सहमति के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कराया गया। विभाग के अनुसार इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि अथवा अन्य अप्रिय घटना नहीं हुई।
जांच के बाद अस्पताल को किया गया सील
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के पंजीकरण और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच पूरी करने के बाद ओम चाइल्ड केयर को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान डॉ. मोहनलाल के साथ पटल सहायक धीरेन्द्र कुमार शुक्ला भी मौजूद रहे।
मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।