नाले में डूबने से मजदूर की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


महराजगंज के सारंगपुर गांव में 45 वर्षीय सुभाष निषाद की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने गांव के ही व्यक्ति पर लगाया डुबोकर मारने का आरोप

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में 45 वर्षीय मजदूर सुभाष निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर सुभाष को नाले में डुबोकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेहनत-मजदूरी कर परिवार का करता था भरण-पोषण
परिजनों के अनुसार सुभाष निषाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें दो बच्चों की शादी हो चुकी है। सुभाष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने लगाया नाले में डुबोकर हत्या करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने सुभाष को नाले में डुबोकर मार दिया। घटना की जानकारी होने पर महराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोप के बाद पुलिस ने मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
महराजगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सुभाष की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *