साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ की जांच में एक मोबाइल नंबर दो NCRP साइबर शिकायतों से जुड़ा मिला
पहली शिकायत पश्चिम बंगाल के बैरकपुर निवासी ईशान सेन की है, जिनसे क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर 10 लाख रुपये की कथित ठगी हुई
दूसरी शिकायत नोएडा निवासी श्रुति जैन की है, जिनसे गूगल रिव्यू के नाम पर 2.67 लाख रुपये की कथित ऑनलाइन ठगी हुई
रिपोर्ट: मनोज कुमार गोंड
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र निवासी एक युवक के खिलाफ साइबर ठगी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अतरौलिया थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ को प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच के लिए सूचना प्राप्त हुई। तकनीकी एवं तथ्यात्मक जांच के दौरान पता चला कि उक्त मोबाइल नंबर दो अलग-अलग एनसीआरपी (NCRP) साइबर शिकायतों में संदिग्ध के रूप में सामने आया है।
पहली शिकायत पश्चिम बंगाल के बैरकपुर निवासी ईशान सेन की थी, जिन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर करीब 10 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। वहीं दूसरी शिकायत नोएडा निवासी श्रुति जैन की थी, जिन्होंने गूगल रिव्यू के नाम पर 2.67 लाख रुपये की धोखाधड़ी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और IMEI नंबर का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच में पाया गया कि घटना के समय उपयोग किए गए मोबाइल की वर्तमान लोकेशन और सक्रिय नंबर के आधार पर उसका संबंध हेमंत यादव पुत्र पवन कुमार यादव, निवासी पासीपुर, थाना अतरौलिया, जनपद आजमगढ़ से जुड़ा मिला।
एफआईआर के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका और जांच में सहयोग करने के बजाय टालमटोल करता रहा। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके विरुद्ध अतरौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।