दृष्टि के बिना स्वस्थ देश और समाज की परिकल्पना असंभव: डॉ. भक्तवत्सल

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


लायंस क्लब इंटरनेशनल के निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 105 मरीजों की जांच, मोतियाबिंद से पीड़ित 40 मरीज ऑपरेशन के लिए वाराणसी भेजे गए
25 मरीजों में हाई शुगर और ब्लड प्रेशर मिलने से चिकित्सकों ने जताई चिंता, नियंत्रण के बाद अगले शिविर में होगा ऑपरेशन

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गरीब और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे सामाजिक संगठन लायंस क्लब इंटरनेशनल की ओर से रविवार को लक्षिरामपुर स्थित केएन लाल मेमोरियल हॉस्पिटल में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ सर्जन डॉ. निर्मल श्रीवास्तव के अस्पताल में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए 40 मरीजों को ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण के लिए वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल भेजा गया। वहीं, 25 मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर और हाई शुगर पाए जाने के कारण उन्हें फिलहाल ऑपरेशन के लिए नहीं भेजा जा सका। इन मरीजों को शुगर और ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने के लिए दवाएं दी गईं। चिकित्सकों ने इन बीमारियों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई।
शिविर का शुभारंभ लायंस क्लब इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एवं ख्यातिलब्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भक्तवत्सल, वरिष्ठ सर्जन डॉ. निर्मल श्रीवास्तव, लायंस क्लब आजमगढ़ के अध्यक्ष ला. रवि जायसवाल, सचिव ला. सुनील अग्रवाल और कोषाध्यक्ष ला. शशिभूषण गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डॉ. भक्तवत्सल ने कहा कि लायंस क्लब ने सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में हमेशा बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करते हुए यह संगठन आज दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बना है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि इस सेवा अभियान को आगे बढ़ाएं। इसी उद्देश्य से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज को स्वस्थ रखकर ही बेहतर देश और समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी की टीम ने डॉ. आंचल के नेतृत्व में मरीजों की जांच की। मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए मरीजों को ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयनित किया गया। डॉ. भक्तवत्सल ने शुगर और ब्लड प्रेशर के बढ़ते मरीजों की संख्या पर चिंता जताते हुए कहा कि लोगों को इन बीमारियों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।
लायंस क्लब आजमगढ़ के अध्यक्ष ला. रवि जायसवाल ने कहा कि लायंस क्लब हमेशा से पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए कार्य करता रहा है। आने वाले दिनों में संगठन जनसेवा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने का प्रयास करेगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 105 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें 65 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। इनमें से 25 मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर और शुगर की समस्या मिलने के कारण उनका ऑपरेशन फिलहाल टाल दिया गया। इन मरीजों को दवाएं देकर शुगर और ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने की सलाह दी गई है। उन्हें अगले शिविर में ऑपरेशन के लिए भेजने का निर्णय लिया गया। शेष 40 मरीजों को बस से वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। ऑपरेशन के बाद मरीजों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मरीजों के आने-जाने, खानपान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की निःशुल्क व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। इसके लिए पूरी टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. निर्मल श्रीवास्तव ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जोन चेयरपर्सन लायन अशोक श्रीवास्तव, ला. गोकुल दास अग्रवाल, शोभनाथ अग्रवाल, सचिव ला. सुनील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ला. शशिभूषण गर्ग, राकेश, गोविंद, अभिषेक, रजनीश सिंह, सुदर्शन दास अग्रवाल, दीप प्रकाश और डॉ. अनुतोष वत्सल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *