ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी का डीएम ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता पर जोर

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने अधिकारियों को दिए निर्देश, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर वेयर हाउस की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और मशीनों की तकनीकी जांच का लिया जायजा

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने रविवार को जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का दैनिक निरीक्षण कर वहां चल रहे प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का जायजा लिया। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत उन्होंने अधिकारियों एवं तकनीकी कार्मिकों को एफएलसी की प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने एफएलसी कार्य में लगे तकनीकी कार्मिकों एवं संबंधित अधिकारियों से मशीनों की जांच प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कार्यशीलता के साथ ही कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं वीवीपैट की तकनीकी जांच की प्रक्रिया का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम/वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसलिए इस कार्य को पूरी गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संबंधित अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एफएलसी कार्य के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह, संजय चावला, ईवीएम प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *