
अंडरपास से पुलिस ने दबोचा हिस्ट्रीशीटर अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह, गैंगस्टर एक्ट में था वांछित
आजमगढ़। अतरौलिया थाना पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त संगठित गिरोह के कथित गैंगलीडर अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर ग्राम सेल्हरापट्टी स्थित अंडरपास से उसे दबोचा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अतरौलिया थाने का हिस्ट्रीशीटर HS-13B है। उसके खिलाफ थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट-धमकी और गैंगस्टर एक्ट समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे की तहरीर पर मु0अ0सं0 325/26 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2(b)(i)/3(1) में अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह और संजीव पांडेय उर्फ संजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों ने संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर हत्या और हत्या के प्रयास जैसे जघन्य अपराध किए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम सेल्हरापट्टी अंडरपास से नाउपुर निवासी अवधेश नारायण सिंह को दोपहर करीब 1:55 बजे हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में हत्या/हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट, वर्ष 2008 में हत्या, इसके अलावा मारपीट-धमकी और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम: वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह, कांस्टेबल सौरभ राय और कांस्टेबल विजय प्रताप यादव, थाना अतरौलिया।