15 केंद्रों पर होगी अवर अधीनस्थ सेवा की मुख्य परीक्षा, प्रशासन ने कसी कमर

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


23 अगस्त को 10 से 12 बजे तक होगी परीक्षा, डीएम ने स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए सख्त निर्देश
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से आयोजित सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/08 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।
बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक शामिल हुए। अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए।


15 केंद्रों पर 23 अगस्त को होगी परीक्षा
प्रशासन के अनुसार लिखित परीक्षा 23 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनपद के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर विशेष जोर दिया गया।


डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, जांच, बैठने की व्यवस्था और प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा में विशेष सतर्कता बरती जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा पर जोर
बैठक में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा सामग्री के रख-रखाव, निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू कराने, परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से भेजने और परीक्षा केंद्रों की निगरानी समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।


डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।


जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा समाप्त होने तक पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जनपद में परीक्षा सकुशल और निर्विघ्न संपन्न कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *