पेंशन के लंबित मामलों पर मंडलायुक्त सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की संस्तुति के निर्देश

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


पेंशन अदालत में आजमगढ़, बलिया और मऊ के छह मामले प्रस्तुत; 2014 से लंबित प्रकरण पर जताई नाराजगी

मंडलायुक्त विवेक ने कहा- सेवानिवृत्त कर्मियों का पेंशन प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे, अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में सोमवार को आयुक्त सभागार में मंडल के जनपदों में लंबित पेंशन प्रकरणों के निस्तारण के लिए पेंशन अदालत आयोजित की गई। इसमें आजमगढ़ के तीन, बलिया के एक और मऊ के दो समेत कुल छह प्रकरण प्रस्तुत हुए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेंशन से संबंधित सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। किसी भी सेवानिवृत्त कर्मचारी का पेंशन प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि पेंशन अदालत में प्रस्तुत मामलों में जो भी कार्रवाई अपेक्षित है, उसे संबंधित अधिकारी तत्काल पूरा कराएं और पात्र पेंशनर को समय से पेंशन का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
2014 से लंबित मामले पर जताई नाराजगी
पेंशन अदालत में जिला कार्यक्रम अधिकारी, मऊ के कार्यालय से वर्ष 2014 में सेवानिवृत्त कर्मचारी का प्रकरण प्रस्तुत हुआ। मामले के संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी मऊ ने बताया कि उन्होंने पिछले माह ही जनपद में कार्यभार ग्रहण किया है और प्रकरण संज्ञान में आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मामला लंबे समय से लंबित रहने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रकरण लंबित रहने में जिन-जिन अधिकारियों के स्तर से लापरवाही हुई है, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी जाए। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी मऊ को पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मऊ के कार्यालय से संबंधित एक अन्य लंबित मामले का भी तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।
गलत फिक्सेशन से कम पेंशन का मामला भी आया
जिलाधिकारी कार्यालय आजमगढ़ से संबंधित एक मृतक कर्मचारी के परिवार को मिलने वाली पारिवारिक पेंशन का मामला भी पेंशन अदालत में आया। पेंशनर के पुत्र श्रवण कुमार ने कम पेंशन भुगतान होने की शिकायत की।
इस पर मुख्य कोषाधिकारी आजमगढ़ अनुराग कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कलेक्ट्रेट स्तर से फिक्सेशन में गलती हुई थी। इसे सही कर दिया गया है और नियमानुसार भुगतान किया जा रहा है।
ओटीपी नहीं मिलने से बलिया का मामला अटका
अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन ने बताया कि बलिया में जिला विकास अधिकारी कार्यालय से जून माह में सेवानिवृत्त कर्मचारी की पेंशन समेत अन्य देयकों का मामला लंबित है। खंड विकास अधिकारी रेवती ने बताया कि पेंशनर राज्य से बाहर गए हुए हैं, जिसके कारण उनके मोबाइल पर आने वाली ओटीपी प्राप्त नहीं हो पा रही है। पेंशनर से वार्ता हो चुकी है और उनके वापस लौटते ही प्रकरण का निस्तारण कर दिया जाएगा।
पिछली पेंशन अदालत के सभी 27 मामले निस्तारित
मंडलायुक्त के निर्देश पर पिछली पेंशन अदालत की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछली पेंशन अदालत में कुल 27 प्रकरण प्रस्तुत हुए थे। दिए गए निर्देशों के अनुसार सभी मामलों का निस्तारण कर लिया गया है। बैठक में मंडलायुक्त ने पेंशन अदालत में प्रस्तुत अन्य मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन जगनारायण झा, मुख्य कोषाधिकारी आजमगढ़ अनुराग कुमार श्रीवास्तव, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा संध्या अग्रहरि, जिला कार्यक्रम अधिकारी मऊ रंजीत कुमार, सहायक लेखाधिकारी मुम्ताज अहमद, लेखाधिकारी छोटेलाल कन्नौजिया तथा पेंशन प्रकरणों से संबंधित पटल सहायक चंद्रभानु प्रताप व प्रवेश मौर्य आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *