विनोद राय के आवास पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, दिवंगत माता को दी श्रद्धांजलि

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण राजनीत


जिवली गांव में शोकाकुल परिवार से मिले उप मुख्यमंत्री, ढांढस बंधाया; कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी रखी बात

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक शुक्रवार को बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद राय के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि माता का निधन परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक क्षण है। दुख की इस घड़ी में सरकार और पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

मीडिया से बोले, सपा पर साधा निशाना
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद ब्रजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के सत्ता में रहने के दौरान अनर्गल बयानबाजी, गुंडई और दंगों जैसी घटनाओं को बढ़ावा मिलता रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षित वातावरण चाहती है। सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है और किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी किया जागरूक
स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते ब्रजेश पाठक ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को समय से उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *