
हादसे में तीन लोग गंभीर घायल, जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर
हिंदी न्यूज़ 24 रिपोर्ट: सर्वेश पांडेय
बिलरियागंज/आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ मोड़ के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सलेमपुर निवासी अली अख्तर (22) पुत्र ऐनु अख्तर बाइक से बिलरियागंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान रौनापार थाना क्षेत्र के निवियहवा निवासी निखिल पुत्र स्व. राजू, दिव्यांशु गौतम और गोविंद यादव पुत्र राजकुमार एक ही बाइक से सामने से आ रहे थे। तेंदुआ मोड़ के पास दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि अली अख्तर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
इधर, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।