आजमगढ़ भूमि कब्जा प्रकरण पर गरजे ओमप्रकाश राजभर, बोले— अवैध कब्जेदारों को जमीन खाली करनी होगी

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत


सपा पर साधा निशाना, सांसद पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग


आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को स्थानीय निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। आजमगढ़ के चर्चित भूमि कब्जा प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों की पुरानी प्रवृत्ति रही है कि खाली जमीन देखकर उस पर अपना झंडा गाड़ देते हैं और उसे अपना बताने लगते हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में ऐसी प्रवृत्तियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


राजभर ने कहा कि आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर करीब 50 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप है। सांसद की ओर से रजिस्ट्री होने के दावे पर उन्होंने कहा कि यह फर्जी रजिस्ट्री का मामला है और केवल रजिस्ट्री के आधार पर किसी को अवैध कब्जे का अधिकार नहीं मिल जाता।


उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला लंबे समय से न्याय के लिए भटक रही थी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। मंत्री ने दावा किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले का संज्ञान ले लिया है और प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और पीड़ित को हर हाल में न्याय मिलेगा।


संसद के आगामी मानसून सत्र पर उन्होंने कहा कि 22 जुलाई से शुरू होने वाला सत्र लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण होगा। इस दौरान जनहित और विकास से जुड़े कई अहम विधेयकों पर चर्चा और निर्णय होगा, जिससे आम जनता को लाभ मिलेगा।


प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था और भू-माफियाओं के खिलाफ चल रहे अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत अवैध कब्जों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *