
मेहनाजपुर के तियरा गांव की घटना, पति परदेश में करता है काम; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय तनु सिंह पत्नी अनिकेश सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह परिवार के लोग जब सोकर उठे तो कमरे में तनु का शव पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी तियरा गांव पहुंच गए।
जून 2023 में हुई थी शादी
बताया गया कि तनु सिंह मूल रूप से बलिया जनपद के पियरिया गांव की रहने वाली थीं। जून 2023 में उनका विवाह तियरा गांव निवासी अनिकेश सिंह के साथ हुआ था। पति परदेश में रहकर काम करते हैं। तनु गांव में अपने बुजुर्ग सास-ससुर और करीब ढाई साल के बच्चे के साथ रहती थीं।
आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से मामले में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस आत्महत्या की आशंका समेत घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।